राजधानी के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस ने बड़ी 'जन आक्रोश रैली' की. जन आक्रोश रैली में यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित किया. कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राहुल की यह पहली रैली है. राष्ट्रीय स्तर की 'जन आक्रोश रैली' महत्वपूर्ण कर्नाटक चुनावों को ध्यान में रखते हुए की गई. कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 12 मई को होने है.

जन आक्रोश रैली में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी जनता को संबोधित किया. अपने संबोधन में मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार पर अपने किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए कहा " मोदी सरकार अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं कर पाई है. चार साल पहले मोदी सरकार ने वादा किया था कि वो सरकार में आते ही मुल्क में 2 करोड़ से ज्यादा रोज़गार के साधन उपलब्ध करायेंगे. हकीकत ये है कि देश में बेरोज़गारी बढ़ रही है."

मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए एक शेर भी पढ़ा
"कुछ ऐसे भी मंजर हैं तारीख की नज़रों में


लम्हों ने खता की थी, सदियों ने सजा पायी"

देश में लगातार बढ़ते जा रहे पेट्रोल और डीजल के दामों पर भी मनमोहन सिंह ने केन्द्र सरकार को घेरा और कहा " दुनिया के दूसरे देशों में कच्चे तेल की कीमतें काफी नीचे आ गयी हैं फिर भी भारत में तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है."

मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि, किसान कर्ज के नीचे दबे जा रहे हैं, और हर तरफ से कर्ज माफ करने की आवाजें उठ रही हैं. इसके अलावा मनमोहन सिंह ने अपने संबोधन में नीरव मोदी की भी बात उठाई और कहा कि नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे लोग हजारों करोड़ लेकर भाग गए. इससे बैंक कमजोर हो गए हैं. सरकार कुछ नहीं कर रही है.

मनमोहन सिंह ने राहुल की तारीफ करते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में बदलाव आएगा और इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खड़ा होना होगा.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours